भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस द्वारा अंकिता हत्याकांड को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य न्याय नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ना है और इसी कारण वह इस संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार ने इस हत्याकांड में दोषियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत और प्रभावी पैरवी की है। यदि विपक्ष को किसी स्तर पर आपत्ति है तो वह न्यायालय के समक्ष तथ्यों के साथ अपनी बात रख सकता है, लेकिन सड़कों पर अराजकता फैलाना राज्य के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों में राजनीतिक झंडों का प्रयोग यह स्पष्ट करता है कि इसके पीछे 2027 को ध्यान में रखकर की जा रही राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं हैं। कांग्रेस और विपक्ष एक सुनियोजित रणनीति के तहत भाजपा सरकार और संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि कथित वीआईपी और सबूतों को लेकर जांच एजेंसियां और न्यायालय पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। रिसॉर्ट तोड़े जाने को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर उन्होंने कहा कि एसआईटी ने सभी आवश्यक सबूत सुरक्षित रूप से एकत्र किए थे, जो दोषियों को सजा दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बार-बार नए नाम उछालकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन न्यायालय और जनता—दोनों के सामने उसकी राजनीति विफल रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे की आड़ में प्रदेश का माहौल खराब करने की साजिशें सफल नहीं होने वाली हैं।

